भारतीय जनता पार्टी मण्डल रामपुर ने अनुसूचित जाति मोर्चा के बैनर तले बाबा साहब अम्बेडकर जयंती समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश डोगरा ने मुख्य अतिथि के रूप उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा अनुसूचित जाति के अध्यक्ष अमोलक राम और भाजपा नेता कौल सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। जिसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष अमोलक राम ने अपने संबोधन में कहा कि भीम राव अंबेडकर का सबसे स्थायी योगदान भारतीय संविधान का प्रारुप तैयार करना है। प्रारुप समिति के अध्यक्ष के रूप में, उन्होंने भारतीय संविधान को इस तरह से आकार दिया कि भारत के सभी नागरिकों के लिए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सुनिश्चित हो सके।
अम्बेडकर ने महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक अधिकारों की वकालत की और सिविल सेवा रोजगार, अनुसूचित जातियों और जनजातियों और अन्य पिछड़े वर्ग के लिए स्कूलों और विश्वविद्यालयों में सकारात्मक कार्रवाई के समान एक प्रणाली के लिए विधानसभा का समर्थन प्राप्त किया। वहीं भाजपा नेता कौल सिंह ने कहा कि उनका आदर्श समाज नागरिकों को सम्मान, समानता और सामंजस्यपूर्ण जीवन प्रदान करता है। अम्बेडकर के जीवन का सामाजिक दर्शन स्वतन्त्रता, समानता और भाईचारे के सिद्धान्तों पर आधारित है। उनका जीवन भगवान बुद्ध की शिक्षाओं से प्रभावित रहा। वहीं भाजपा अनुसूचित जाति के प्रदेशाध्यक्ष राकेश डोगरा ने कहा कि डा0 अम्बेडकर द्वारा किए गए सामाजिक संघर्ष का उद्देश्य उपेक्षित वर्ग पर होने वाले अत्याचारों को खत्म करना था परन्तु बाबा साहब चाहते थे कि समाज के सभी वर्गो का सभी क्षेत्रों में समान स्थान होना चाहिए और सभी वर्ग के लोगों को जीवन में उपर उठने के समान अवसर मिलने चाहिए। आज समाज को उनके सिद्धान्तों पर चलने की आवश्यकता है। इस मौके पर भाजपा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।